फोटो 17
दादरी न्यायिक परिसर में आयोजित लोक अदालत में मामलों की सुनवाई करती बेंच। स्रोत : जिविसेप्रा.
- शनिवार को दादरी न्यायिक परिसर में आयोजित लोक अदालत में चार बेंच ने की मामलों की सुनवाई, 4 करोड़ से अधिक की राशि अवाॅर्ड के रूप में हुई पास
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी न्यायिक परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई। इसमें जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निधि सोलंकी, न्यायिक दंडाधिकारी मयंक गुप्ता और न्यायिक दंडाधिकारी लक्ष्य गर्ग ने मामलों की सुनवाई की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम संजीव काजला ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में सुनवाई के लिए 14,756 मामले रखे गए। खास बात यह है कि चारों बेंच ने 11,281 मामलों का मौके पर ही निपटान कर दिया। वहीं, इन मामलों में चार करोड़ उनतालीस हजार नौ सौ चौरासी की राशि अवॉर्ड के रूप में पास की गई।
सीजेएम ने बताया कि लोक अदालत में आम नागरिकों की ओर से आपसी सुलह और समझौते के आधार पर स्वयं या अधिवक्ताओं के माध्यम से मामलों का निपटारा किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में वाहन दुर्घटना अधिनियम, बैंक लोन, मोटर व्हीकल एक्सीडेंट, एनडीपीएस एक्ट, फौजदारी, दीवानी, चेक बाउंस, वैवाहिक मामलों की सुनवाई की गई। कोर्ट केसों के साथ बैंक रिकवरी और बिजली निगम से संबंधित मामलों की भी सुनवाई की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संजीव काजला ने बताया कि लोक अदालत का उद्देश्य केसों का निपटारा लोगों की आपसी सहमति से करना है। इसलिए समय-समय पर प्राधिकरण की ओर से लोक अदालत का आयोजन किया जाता है।