रात को वाहनों की जांच करते हुए पुलिसकर्मी।
चरखी दादरी। दादरी पुलिस ने 17 व 18 अक्तूबर की मध्यरात्रि दादरी-झज्जर मुख्य मार्ग स्थित इमलोटा नाके पर सघन जांच अभियान चलाया। इंस्पेक्टर राजपाल और 16 पुलिस जवानों की टीम ने रातभर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान 112 छोटे-बड़े वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज व संदिग्ध सामान की तलाशी ली गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 10 वाहनों के चालान भी काटे गए। यह अभियान जिले में अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से डीएसपी कप्तान सिंह के नेतृत्व में हुआ। देर रात आवाजाही कर रहे छह संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान व आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि हुई।
डीएसपी कप्तान सिंह ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता से नियमानुसार जांच के निर्देश दिए। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराध व नशा तस्करी रोकना है।