फोटो 17 जुई में आयोजित कैंप में युवाओं के साथ संगठन के अध्यक्ष अनिल साहू। स्रोत : स्वयं
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दिवंगत पूर्व कृषि मंत्री सुरेंद्र सिंह की स्मृति में माॅडल जिला बनाओ संगठन की ओर से कस्बा जुई व गांव धारणवास में रोजगार मेले लगाए गए। इनकी अध्यक्षता बलजीत सिंह व बिजेंद्र छिल्लर ने की। मुख्य अतिथि ठेकेदार सुनील लेघा व ब्लाॅक समिति चेयरमैन बिजेंद्र रहे। संगठन अब तक 186 रोजगार मेले लगा चुका है।
विभिन्न कंपनी के प्रतिनिधियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया। इन मेलों में 267 युवाओं ने पंजीकरण कराया। तत्पश्चात 109 युवाओं का चयन किया गया। संगठन के युवा विंग प्रधान अनिल साहू व सुनील लेघा ने बताया आज युवाओं के लिए यक्ष प्रश्न उनके भविष्य निर्माण का बनता जा रहा है। संगठन का प्रयास है कि युवाओं की योग्यता को अवसर दिलवा कर राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित करें। इस मौके पर नरेंद्र, राजेश शर्मा, महेंद्र, नीरज मौजूद रहे।