खनन क्षेत्र में सर्च अभियान चलाने पहुंचे पुलिस अधिकारी और कर्मचारी।
चरखी दादरी। जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान करीब 100 जवानों ने शुक्रवार को डॉग स्क्वायड के साथ बिरही व खेड़ी बत्तर खनन क्षेत्र समेत शहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान झुग्गी-झोपड़ियों और संदिग्ध स्थानों पर पहुंचकर गहनता से जांच की। वहीं, पुलिस की इस औचक कार्रवाई से खनन क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस टीमोंं ने अभियान के दौरान 60 वाहनों की जांच की।
पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत के निर्देशानुसार और उप पुलिस अधीक्षक सुभाषचंद्र के नेतृत्व में शुक्रवार को सर्च ऑपरेशन चलाया गया। उन्होंने बताया कि माइनिंग क्षेत्र में पहुंचकर पुलिस जवानों ने गहनता से जांच की। बाढड़ा थाना प्रबंधक निरीक्षक ओमप्रकाश, सदर थाना प्रभारी निरीक्षक तेजपाल सोनी, यातायात थाना प्रबंधक निरीक्षक रमेश, महिला थाना प्रभारी पीएसआई सोनिया समेत कंपनी ए व बी के जवान अभियान का हिस्सा रहे।
उप पुलिस अधीक्षक दादरी ने बताया कि पुलिस की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर और अवैध गतिविधियों में संलिप्त को काबू करने के लिए यह सर्च अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के दिशा-निर्देश पर पुलिस की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं और संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
अभियान के दौरान की गई ये कार्रवाई
डीएसपी सुभाषचंद्र ने बताया कि सर्च अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 60 वाहनों की जांच की। इनमें से दो वाहनों को जब्त किया गया जबकि दो के चालान किए गए। एक मेडिकल स्टोर की जांच के संबंध में सीएमओ कार्यालय को सूचित किया गया।
नशा बेचने वालों की तत्काल दें सूचना : सुभाषचंद्र
डीएसपी सुभाषचंद्र ने जनता से अपील करते हुए कहा कि अगर कोई नशीला पदार्थ बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। सूचना पर पुलिस तुरंत एक्शन लेगी। उन्होंने कहा कि यदि आपके आसपास कोई भी असामाजिक तत्व, संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे तो तत्काल 112 डायल करें।