जगवीर शर्मा
चरखी दादरी। बिजली निगम जिले में साढ़े नौ हजार नए बिजली के खंभे लगाएगा। यह काम मार्च तक पूरा करने की याेजना है। इससे बिजली आपूर्ति में व्यापक स्तर पर सुधार आएगा और करीब तीन लाख की आबादी को सीधे तौर पर राहत मिलेगी। निगम के अधिकारियों का दावा है कि खंभों की कमी दूर होने और क्षतिग्रस्त खंभे बदलने से लाइनों में फॉल्ट कम आएंगे।
बिजली निगम के अधिकारियों की मानें तो खंभे की ऊंचाई 9 मीटर होगी और क्षमता 400 वोल्ट होगी। अब तक बिजली निगम ने जिले में 200 में से 190 लोहे के खंभे भी बदल दिए हैं। लोहे के खंभे बारिश के सीजन में हादसों का कारण बनते आ रहे थे और लोग लंबे समय से इन्हें बदलने की मांग कर रहे थे।
बता दें कि गर्मियों में अंधड़ की वजह से आए दिन लाइनों में फॉल्ट आता रहता है। रेतीला एरिया होने की वजह से हवा के तेज दबाव से खंभे यहां जल्दी टूट जाते हैं। जिले में कई जगह करीब 45 साल पुराने लोहे के खंभे लगे हुए थे। यह खंभे क्षतिग्रस्त या जंग खा चुके थे जिससे समय-समय पर बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ रहा था। एक लाइन में फॉल्ट आने पर साथ लगते दूसरे फीडर भी प्रभावित हो जाते हैं।
इसी प्रकार दादरी ब्लॉक एरिया में भी काफी क्षेत्र रेतीला है जहां किसान बिजली ट्यूबवेल से सिंचाई करते हैं। बिजली निगम को समय-समय पर किसानों की शिकायतें मिल रहीं थी कि खंभे खराब होने व तारों के बार-बार टूटने की वजह से बिजली आपूर्ति में व्यवधान बना रहता है। इसके तहत निगम ने सर्वे करवाया और क्षतिग्रस्त एवं जंग खा चुके खंभों की पहचान की गई। आजकल लोहे के बजाय निगम की ओर से सीमेंट से बने खंभे लगाए जा रहे हैं। लोहे के खंभों में बिजली का करंट भी खतरा बनता है। अब बिजली निगम 440 वोल्ट की मेन लाइनों के नौ मीटर के खंभे लगा रहा है।
प्रत्येक गांव में लगेंगे 60 से 65 नए खंभे
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक गांव में 60 से 65 नए खंभे लगने हैं। इस प्रकार करीब साढ़े नौ हजार पोल नए लगाए जाएंगे। यह काम मार्च तक पूरा करने की योजना है। इससे लाइनों में फॉल्ट कम आएंगे और ब्रेकडाउन की समस्या कम रहेगी। वहीं, बिजली आपूर्ति में व्यापक सुधार आएगा।
जल्द से जल्द इस योजना का काम पूरा किया जाएगा। दादरी जिले में करीब 9000 बिजली के खंभे लगाए जाएंगे। लोहे के खंभे बदलने का काम लगभग पूरा हो चुका है।
राकेश कुमार, एसडीओ, बिजली निगम