सांतौर आईटीआई में युवाओं का साक्षात्कार लेने पहुंचे कंपनी के प्रतिनिधि।
चरखी दादरी। गांव सांतौर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मंगलवार को रोजगार मेला आयोजित किया गया। इसमें इलेक्ट्रॉनिक और इलेक्ट्रिकल उपकरण निर्माता कंपनी हेवल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने शिरकत की।
संस्थान प्राचार्य शिव कुमार ने बताया कि रोजगार मेले का उद्देश्य छात्रों को उनके कौशल के आधार पर रोजगार प्रदान करना रहा। मेले में 10 छात्रों ने भाग लिया और अपनी बौद्धिक क्षमता व तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। हेवल्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने सभी प्रतिभागियों का गहन मूल्यांकन किया और उनकी प्रदर्शन क्षमता के आधार पर 3 छात्रों को अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया। अब शॉर्टलिस्ट किए गए छात्र कंपनी के आमंत्रण पर एक और साक्षात्कार देंगे। इसके बाद इनके लिए रोजगार की संभावना बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से केवल नौकरी ही नहीं मिलती बल्कि उनका कौशल व व्यवहार भी निखरता है। रोजगार मेले के सफल आयोजन पर उन्होंने प्रतिनिधियाें व संस्थान के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार जताया।