नगर परिषद टीम ने कचरा फैलाकर सफाई व्यवस्था चौपट करने वाले प्रतिष्ठानों के मालिकों पर की कार्रवाई, स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाने पर भी लापरवाही बरत रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर में सड़क या खुले में कचरा डालने वाले दुकानदारों पर नगर परिषद टीम सख्ती बरत रही है। दिसंबर माह में टीम ने खुले में कचरा डालने पर 10 दुकानदारों के चालान किए हैं। इनसे साढ़े 23 रुपये जुर्माना भी वसूला है। दूसरी ओर टीम की ओर से चलाई जा रही इस मुहिम की अधिकारी मॉनीटरिंग भी कर रहे हैं।
नगर परिषद ने शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप शहरों में लाने के लिए सफाई व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाई है। इसके तहत ईओ राजेश वर्मा के निर्देशानुसार चालान के लिए टीम गठित की गई है। मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम प्रतिदिन शहर का निरीक्षण कर रही है। खुले में कचरा डालने वाले लोगों के चालान कर रही है।
दिसंबर माह में टीम ने शहर के अलग-अलग जगह से चालान किए हैं। इनमें मुख्य रूप से शहर के रेलवे रोड और बस स्टैंड रोड शामिल हैं। इन पर ही मिठाई व किराना की अधिक दुकानें हैं।
टीम को निरीक्षण के दौरान 9 दुकानों के बाहर 500 ग्राम तक मिष्ठान, पॉलिथीन व अन्य कचरा पड़ा मिला। इसके बाद टीम ने प्रति दुकानदार 1500 रुपये का चालान किया। इसी तरह, हाल ही में शहर के एक मिष्ठान भंडार के बाहर एक किलोग्राम से अधिक कचरा खुले में फेंका मिला। इस पर टीम ने संचालक का 10 हजार रुपये का चालान किया। अब टीम इनसे जुर्माना वसूल कर चुकी है। साथ ही दोबारा कचरा डालने पर जुर्माना राशि भी डबल ली जाएगी। इसके लिए नगर परिषद की टीम दुकानदारों को कचरा अलग रखने और उसे संग्रह करने के लिए जानकारी दे रही है। फिर भी लोग लापरवाही बरतकर कचरे को खुले में फेंक रहे हैं।
- नए साल में बरती जाएगी और सख्ती
शहर में नागरिक भी पॉलिथीन आदि में डालकर कचरे को सड़क पर फेंक देते हैं। गाड़ी में डालने के बजाय पास के ही किसी डंपिंग पॉइंट पर डाल देते हैं। अब नए साल से नगर परिषद टीम ऐसे नागरिकों पर भी जुर्माना लगाएगी। उसी वक्त जुर्माना भी वसूल करेगी।
कितने कचरे पर लगता है कितना जुर्माना
100 ग्राम तक - 500
100-500 ग्राम - 1500
500- 1000 ग्राम - 3 हजार
1 - 5 किलोग्राम - 10 हजार
5 - 10 किलोग्राम - 20 हजार
10 किलोग्राम से अधिक - 25 हजार
फोटो-08
शहर स्थित किराना स्टोर पर संचालक को समझाती नगर परिषद की टीम। संवाद
फोटो- 09
शहर स्थित मिष्ठान भंडार पर संचालक को कचरा निस्तारण संबंधी जानकारी देती टीम। संवाद