10 लोग मिले डेंगू पीड़ित, 414 पहुंचा आंकड़ा
चरखी दादरी। जिले में डेंगू मरीज मिलने का सिलसिला बुधवार को भी जारी रहा। जिले में बुधवार को दस लोग डेंगू से पीड़ित मिले हैं और इसकी पुष्टि डिप्टी सीएमओ एवं डेंगू नोडल अधिकारी डॉ. गौरव भारद्वाज ने की है। उन्होंने बताया कि अब जिले में डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर 414 हो गई है। पिछले 17 दिनों में जिले में 210 लोग डेंगू से पीड़ित मिले हैं।
डेंगू नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि बुधवार को 10 केस सामने आने के बाद जिले में डेंगू मरीजों का आंकड़ा 414 हो गया है। उन्होंने बताया कि शहर में करीब 308 मरीज मिल चुके हैं जबकि गांवों में डेंगू के 106 केस सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि सैंपलिंग प्रक्रिया अभी भी लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि बुधवार को चंपापुरी, सिविल अस्पताल के पिछली तरफ, एमसी कॉलोनी, वार्ड-19 और प्रोफेसर कॉलोनी में फॉगिंग करवाई गई। डेंगू नोडल अधिकारी ने बताया कि इस साल विभाग डेंगू जांच के लिए 1072 सैंपल ले चुका है जिनमें से 28 की रिपोर्ट लंबित हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साल की अगर बात करें तो 17 नवंबर तक डेंगू के 120 केस मिले थे जबकि इस समयावधि तक जांच के लिए 324 सैंपल लिए गए थे। संवाद