बाढड़ा। जिला उपायुक्त की अध्यक्षता वाली कमेटी ने जिला खनन कोष से 10 करोड़ की धनराशि विकास कार्याें के लिए मंजूर की है। राशि स्वीकृत होने से 50 गांवों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को हरी झंडी मिल गई है। वहीं, हरियाणा पंचायतीराज को इन प्रोजेक्ट के एस्टीमेट तैयार करवा टेंडर जारी करवाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जिला खनन कोष कमेटी अध्यक्ष जिला उपायुक्त मुनीश शर्मा, सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक सुनील सांगवान, विधायक उमेद पातुवास व खनन विभाग सचिव डॉ. राजेश कुमार सहित 31 सदस्यीय समिति ने खनन क्षेत्र से प्राप्त राजस्व को ग्रामीण विकास पर खर्च करने का फैसला लिया है।
इसके तहत चरखी दादरी व बाढड़ा विधानसभा के गांव रामलवास से बिजना रोड, पिचौपा कलां में दूषित पानी की निकासी की व्यवस्था करने, गांव पिचौपा कलां से शीशवाला माइनिंग जोन का रास्ता पक्का करने, पिचौपा कलां से निहालगढ़ टोडी पिलिया जोहड़ रास्ता निर्माण, सामुदायिक भवन की चहारदीवारी, पार्किंग व शेड का निर्माण करने को स्वीकृति दी है। इसके अलावा चरखी दादरी नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाने, रामलवास में बाबा भैया रोड निर्माण भी कराया जाएगा।
वहीं, गांव खेड़ी बूरा में कलिया रोड निर्माण, खेड़ी बूरा से खेड़ी बत्तर क्रेशर जोन में रोड निर्माण, खेड़ी बत्तर से पंचायती भूमि पर पार्क निर्माण, राजकीय स्कूल में शेड निर्माण, खेड़ी बत्तर में सामुदायिक भवन निर्माण, अटेला कलां में लाइब्रेरी निर्माण, अटेला नया में रोड निर्माण, रामलवास में लाइब्रेरी निर्माण, रामलवास में जिम उपकरण खरीदने, अटेला नया में कुश्ती मेट सुविधा, कलियाणा से खेड़ी बूरा पीर रोड निर्माण, मानकावास में कच्ची फिरनी को पक्का करने, पिछड़ा वर्ग का सामुदायिक भवन निर्मित करने, खेल स्टेडियम चहारदीवारी निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण, गलियों में खनन क्षेत्र के कच्चे रास्ते पर जल छिड़काव के लिए ट्रैक्टर व टैंकर की व्यवस्था करवाने प गांव में सीसीटीवी कैमरा लगाने के आदेश दिए गए हैं।
इन गांवों में होंगे यह काम : कमेटी ने गांव चरखी में शिवधाम में शेड निर्माण, वाटर टैंक व चहारदिवारी निर्माण, गांव छपार, डालावास, मंदौला, बिलावल, सारंगपूर, रामलवास, रामबास, जावा, कलियाणा, पिचौपा, डोहका दिना, हड़ौदा, हड़ौदी, मैहड़ा, असावरी, बादल गुडाना, तिवाला, पैंतावास, ,चांदवास आदि गांवों के शिवधाम में शेड निर्माण, वाटर टैंक व चहारदीवारी निर्माण करवाने का फैसला लिया है।
हरियाली बढ़ाने के भी निर्देश : सांसद धर्मबीर सिंह व जिला उपायुक्त मुनीश शर्मा ने सभी जनप्रतिनिधियों व अलग-अलग विभागों के अधिकारियों से खनन क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम उठाते हुए संबंधित गांवों में ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने को भी कहा है।