चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी से संबंद्ध सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक)/गुरुकुल विद्यापीठ परीक्षा सितम्बर-2025 (कम्पार्टमेंट/आंशिक अंक सुधार/पूर्ण विषय अंक सुधार/अतिरिक्त विषय) के लिए परीक्षार्थी आज से बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए लिंक से आवेदन कर सकते हैं।
बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया कि ऐसे परीक्षार्थी जो सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक)/गुरुकुल विद्यापीठ परीक्षा सितम्बर-2025 के लिए आवेदन करना चाहते हैं वे 950 रुपये परीक्षा शुल्क सहित 08 अगस्त से 17 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 100 रुपये विलम्ब शुल्क के साथ 18 अगस्त से 22 अगस्त और 300 रुपये विलम्ब शुल्क सहित 23 अगस्त से 27 अगस्त व 1000 रुपये विलम्ब शुल्क सहित 28 अगस्त से 01 सितम्बर, 2025 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त जो परीक्षार्थी सेकेंडरी व सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) मार्च 2025 व जुलाई 2025 की परीक्षा में उत्तीर्ण रहे हैं लेकिन किसी एक अनिवार्य विषय में फेल हैं। ऐसे परीक्षार्थी भी अतिरिक्त उत्तीर्ण श्रेणी के अन्तर्गत निर्धारित तिथियों में पिछला अनुक्रमांक दर्ज करते हुए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।