हरियाणा सरकार ने जारी किए दिशानिर्देश
चंडीगढ़। हरियाणा के आईटीआई पास उम्मीदवार अप्रेंटिसशिप के लिए 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हरियाणा सरकार के अधीन सभी विभागों, बोर्ड, कॉर्पोरेशन, निगमों व अन्य कार्यालयों में अप्रेंटिस एक्ट-1961 के तहत ट्रेड अप्रेंटिस लगने के लिए आईटीआई पास इच्छुक उम्मीदवार 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक युवा www.apprenticeshipindia.gov.in पर अपना ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर रजिस्टर्ड कार्यालयों में अप्रेंटिस लगने के लिए साल 2025 की द्वितीय अनुसूची के द्वितीय चरण के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि द्वितीय चरण के लिए निर्धारित अंतिम तिथि तक प्राप्त आवेदनों पर ही विचार किया जाएगा, जिसका विस्तृत विवरण विभागीय वेबसाइट www.itiharyana.gov.in पर उपलब्ध है। आवेदन करने वाला आईटीआई पास उम्मीदवार हरियाणा का स्थाई निवासी हो या 10वीं कक्षा हरियाणा राज्य से पास की हो या उम्मीदवार चंडीगढ़ (यूटी) का स्थाई निवासी हो और उसने हरियाणा या चंडीगढ़ में स्थित, किसी भी सरकारी मान्यता प्राप्त औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान से एनसीबी टीए/एससीबीटी के तहत आईटीआई कोर्स पास किया हो।
प्रवक्ता ने बताया कि प्रत्येक प्रतिष्ठान में अप्रेंटिसशिप के लिए उपलब्ध सीटों में से 20 प्रतिशत सीटों पर अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को एवं 27 प्रतिशत सीटों पर पिछड़ी श्रेणी के उम्मीदवारों को वरीयता दी जाएगी। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन में स्वयं की ई-मेल आईडी, अपना मोबाइल नंबर और अपना आधार नंबर सही दर्ज करें। पोर्टल पर सभी सूचनाएं उम्मीदवार की ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर पर ही भेजी जाएंगी। किसी भी जानकारी के लिए निकटतम राजकीय आईटीआई संस्थान में संपर्क कर सकते हैं।