- सहकारी बसों के संचालक ने शुल्क मिलेगा तभी कराएंगे मुफ्त सफर, आज लेंगे अंतिम निर्णय
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश में रक्षाबंधन के दाैरान महिलाएं और 15 वर्ष तक की आयु वाले बच्चे हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवहन मंत्री अनिल विज के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में महिलाओं और बच्चों के लिए 8 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त की मध्य रात्रि 12 बजे तक निशुल्क यात्रा की सुविधा रहेगी।
वहीं, स्टेज कैरिज बस ऑपरेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के राज्य उपप्रधान डाॅ. धन सिंह का कहना है कि प्रदेश में करीब 1800 सहकारी बसों का संचालन होता है। उन्हें सरकार की ओर से शुल्क मिलेगा तो महिलाओं और बच्चों को मुफ्त सफर कराएंगे अन्यथा नहीं। यह भी कहा कि इस पर अंतिम निर्णय 7 अगस्त को लेंगे।