प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 से हरियाणा पुलिस की वेबसाइट से किया जा सकेगा
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी) भोंडसी (गुरुग्राम) द्वारा हथियार और गोला-बारूद सुरक्षा प्रशिक्षण कोर्स का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम फरवरी और मार्च 2026 के दौरान विभिन्न चरणों में संचालित होगा।
फरवरी में कोर्स के कुल 8 चरण रखे गए हैं जो 2 से 4, 5 से 7, 9 से 11, 12 से 14, 16 से 18, 19 से 21, 23 से 25 और 26 से 28 फरवरी तक आयोजित होंगे। वहीं, मार्च में 4 चरण 5 से 7, 9 से 11, 12 से 14 और 16 से 18 मार्च तक चलेंगे। प्रत्येक चरण में 30 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को शस्त्रों और गोला-बारूद की सुरक्षा, संचालन, रख-रखाव और जिम्मेदार उपयोग की विस्तृत जानकारी देना है। यह कोर्स सुरक्षाबलों, निजी सुरक्षाकर्मियों, लाइसेंसी शस्त्र धारकों और इच्छुक नागरिकों के लिए उपयोगी है। प्रतिभागियों की रिपोर्टिंग सुबह 9 बजे होगी जबकि प्रशिक्षण सत्र सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक थ्योरी व प्रेक्टिकल मोड में होंगे। प्रशिक्षण के लिए ऑनलाइन आवेदन 27 जनवरी से हरियाणा पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किया जा सकेगा।