पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर की गई व्यवस्था
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। ट्रांसजेंडर भी अब हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) अधिकारी बन सकेंगे। हरियाणा लोक सेवा आयोग ने ट्रांसजेंडर के आवेदन के लिए पोर्टल में विकल्प दे दिया है। अब लिंग (जेंडर) के काॅलम में ट्रांसजेंडर का विकल्प चुना जा सकेगा। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर यह व्यवस्था की गई है।
हरियाणा लोक सेवा आयोग की तरफ से 102 एचसीएस और अन्य संबद्ध पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया जारी है। 26 फरवरी की शाम 5 बजे तक आवेदन होंगे। आयोग की तरफ से यह भी कहा गया है कि आवेदन के लिए निर्धारित अवधि तक आवेदन कर दें। एचसीएस के पदों के लिए 26 अप्रैल को प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन होगा जबकि मुख्य परीक्षा 27 से 29 जून को होगी। साक्षात्कार अगस्त या सितंबर में प्रस्तावित है।
-
कोषागार अधिकारियों के पदों के लिए 2 व 3 मार्च को साक्षात्कार
हरियाणा लोक सेवा आयोग ने वित्त विभाग में कोषागार और सहायक कोषागार अधिकारियों की भर्ती के लिए साक्षात्कार की तिथि तय कर दी है। कुल 35 पदों के लिए 179 अभ्यर्थियों का 2 और 3 मार्च को साक्षात्कार होगा। आयोग ने 2 मार्च को सुबह 8.30 बजे के सत्र में 48 और दोपहर 12 बजे के सत्र के लिए भी 48 अभ्यर्थियों को बुलाया है। इसी तरह 3 मार्च को सुबह 8.30 बजे 48 और शेष 35 अभ्यर्थियों को दोपहर 12 बजे साक्षात्कार के लिए बुलाया है।