सेक्टर-11 के श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास हत्याकांड की जांच के दौरान चंडीगढ़ पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों के टारगेट किलिंग मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। ऑपरेशन सेल और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने विदेशी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के तीन और शूटरों को हथियारों समेत गिरफ्तार कर शहर में संभावित टारगेट किलिंग की साजिश नाकाम कर दी।
जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी उसी गैंग मॉड्यूल का हिस्सा हैं जिसने जानकी दास हत्याकांड में शामिल शूटरों को लॉजिस्टिक और बैकअप सपोर्ट उपलब्ध कराया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विदेश में बैठे गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने चंडीगढ़ और ट्राइसिटी क्षेत्र में दहशत फैलाने के लिए अलग-अलग मॉड्यूल तैयार कर रखे हैं।