पंजाब पुलिस की फ्रंटलाइन फोर्स में युवा जवानों की संख्या बढ़ी है। इस फोर्स में अब 29 वर्ष से कम आयु के 8231 से अधिक पुलिसकर्मी हो गए हैं। इसे लेकर जहां डीजीपी गौरव यादव खासे उत्साहित हैं, वहीं उनका दावा है कि युवा पुलिसकर्मी पंजाब पुलिस की फ्रंटलाइन प्रतिक्रिया प्रणाली को और सशक्त बनाकर अपराध से लड़ने की क्षमता बढ़ा रहे हैं। उनके अनुसार पंजाब पुलिस में युवा ऊर्जा और अनुभव का अनूठा संगम बन गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने कहा पंजाब पुलिस की सफलता केवल अनुभवी वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व पर ही निर्भर नहीं , बल्कि उन युवा अधिकारियों व कर्मचारियों की दृढ़ता, समर्पण तथा पेशेवर दक्षता पर भी आधारित है, जो देश की सबसे सक्षम पुलिस बलों में से एक पंजाब पुलिस के भविष्य को मजबूत बना रहे हैं।
उनके अनुसार पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल से लेकर डीएसपी (उप पुलिस अधीक्षक) तक विभिन्न पदों पर युवा अधिकारी तैनात हैं।
पुलिस बल में 27 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 4,253 कर्मचारी हैं जबकि 3,978 कर्मचारी 27 वर्ष से कम आयु के हैं। इससे सीमावर्ती राज्य पंजाब में हर प्रकार के अपराध से निपटने के लिए युवा ऊर्जा और अनुभव का संतुलित मिश्रण उपलब्ध है। रिकॉर्ड के अनुसार, पंजाब पुलिस में 29 वर्ष से कम आयु के 6,666 कॉन्स्टेबल, 973 वरिष्ठ कॉन्स्टेबल, 347 सब इंस्पेक्टर व 186 हेड कॉन्स्टेबल सेवाएं दे रहे हैं। इन 6,666 कॉन्स्टेबलों में से 3,855 की आयु 20 से 26 वर्ष के बीच है जबकि 1,198 की आयु 29 वर्ष, 1,125 की आयु 28 वर्ष और 488 की आयु 27 वर्ष है।