- अब 31 दिसंबर 2025 तक होगा कार्यकाल, ऐसे में नए जिलों का अभी करना होगा इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो,
चंडीगढ़। हरियाणा में नए जिलों के लिए अभी कुछ माह और इंतजार करना होगा। जिलों को बनाने के लिए गठित समिति के कार्यकाल को 31 दिसंबर 2025 तक के लिए बढ़ा दिया गया है। संबंधित कमेटी को जिलों, उप मंडलों, तहसीलों व उप तहसीलों के पुनर्गठन के लिए कार्य करना था।
हरियाणा की वित्तायुक्त एवं राजस्व एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव डाॅ. सुमिता मिश्रा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। हरियाणा की वित्तायुक्त एवं राजस्व एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार, हरियाणा में जिलों, उप-मंडलों, तहसीलों, उप-तहसीलों के पुनर्गठन के मुद्दों के लिए गठित समिति को 1 जुलाई 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक समय-सीमा में विस्तार प्रदान किया है। जिलों को बनाने वाली कमेटी में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार की अध्यक्षता में कमेटी गठित है। इस कमेटी में राजस्व एवं निकाय मंत्री विपुल गोयल, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के अलावा कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा भी शामिल हैं। प्रदेश में हांसी, डबवाली, असंध, सफीदों और गोहाना को जिला बनाने की तैयारी चल रही है, इसलिए संबंधित सब कमेटी का गठन किया गया था। अब कमेटी की कार्य अवधि बढ़ने से कुछ माह और लोगों को नए जिलों को इंतजार करना पड़ सकता है।