चंडीगढ़ में आढ़तियों की मंत्री श्याम सिंह राणा से वार्ता
अमर उजाला ब्यूरो,
चंडीगढ़। हरियाणा के आढ़तियों की वीरवार को चंडीगढ़ में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के साथ वार्ता हुई। इस दौरान कृषि मंत्री ने कहा, जो भी जायज मांग हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। संबंधित मांगों को पूरा कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने कहा कि आढ़ती, किसानों के मित्र हैं और एक दूसरे के सहयोग से अपने-अपने कार्य को अंजाम तक पहुंचाते हैं। मंत्री ने आढ़ती एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की बैठक की अध्यक्षता की। कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी है और सभी वर्गों का ख्याल रखती है। आढ़तियों की गेहूं की बकाया आढ़त का भुगतान को भी जल्द कराने का आश्वासन दिया। मंडी व्यापारियों की पुरानी दुकानों का नो-ड्यूज, उनके लाइसेंस, मंडी की सफ़ाई व्यवस्था के अलावा मिलर-एसोसिएशन और फ्लोर-मिल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।