चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने रेवाड़ी के नथेरा गांव में नए उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मंजूरी दे दी है। स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने बताया कि यह स्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध पंचायती भूमि पर स्थापित किया जाएगा। यह केंद्र स्थानीय आबादी के लिए मातृ एवं शिशु देखभाल, टीकाकरण, रोग निवारण और बुनियादी उपचार जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेगा। आरती राव ने कहा-स्वास्थ्य सेवा को घर के नजदीक लाकर, सरकार दूर के अस्पतालों पर बोझ कम कर रही है। सरकार का लक्ष्य हरियाणा में किसी भी परिवार को बुनियादी चिकित्सा सहायता के लिए दूर न जाना पड़े। नए उप स्वास्थ्य केंद्र में एक पुरुष व एक महिला बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता और एक हेल्पर होगा। यह केंद्र आवश्यक चिकित्सा अवसंरचना, उपकरण और आवश्यक दवाओं से भी सुसज्जित होगा। ब्यूरो