चंडीगढ़। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के स्नातकोत्तर (एमएससी और पीएचडी) छात्रों की मांगों का इनेलो की छात्र इकाई आईएसओ के राष्ट्रीय प्रभारी एवं विधायक अर्जुन चौटाला ने समर्थन किया है। छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए कहा कि वजीफों में कटौती के विरोध में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर एचएयू के सिक्योरिटी चीफ की तरफ से हिंसक लाठीचार्ज करना बेहद शर्मनाक, निंदनीय और क्रूरता भरा कदम है। इनेलो की छात्र इकाई के राष्ट्रीय प्रभारी एवं विधायक अर्जुन चौटाला ने बयान जारी करके कहा कि एचएयू के छात्रों ने वजीफे में कटौती के बारे में कई बार कुलपति को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करवाया, लेकिन बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन से चाैटाला ने मांग की है कि वजीफे में कटौती संशोधन को तुरंत वापस लिया जाए और स्नातकोत्तर छात्रों के लिए मूल वजीफा संरचना को बहाल किया जाए। अर्जुन चौटाला ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर छात्रों पर हमले के लिए माफी नहीं मांगी गई, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई और स्कॉलरशिप लूट की नीति को वापस नहीं लिया गया तो इनेलो छात्र संगठन आईएसओ इस तानाशाही के खिलाफ प्रदेशव्यापी जन आंदोलन शुरू करेगा।