- हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। 26 एवं 27 जुलाई 2025 को हुई सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) 2025 ग्रुप-सी परीक्षा के दौरान कुछ अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन पूर्ण नहीं हो पाया था। जल्द ही इनकी बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए तिथि और समय की आधिकारिक सूचना जारी कर दी जाएगी। यह जानकारी हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है।
पोस्ट में हिम्मत सिंह ने बताया कि ऐसे अभ्यर्थियों ने फोन कॉल, मैसेज और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने सवाल आयोग तक पहुंचाए हैं। आयोग ने सभी संदेशों का संज्ञान लिया है और इस विषय पर सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आयोग द्वारा जारी आधिकारिक नोटिस पर ही विश्वास करें। आयोग का उद्देश्य सभी अभ्यर्थियों की प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारु और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करना है।