नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक
चंडीगढ़। 20 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को हरियाणा भवन में कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक की और बजट सत्र की रणनीति तैयार की। बैठक में निर्णय लिया कि कांग्रेस कई मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी और कई मुद्दों पर स्थगन व काम रोको प्रस्ताव देगी। बजट सत्र के दौरान कांग्रेस पेंशन कटौती, अन्य राज्यों के लोगों को नौकरी देने, किसानों का मुआवजा, अरावली, वोट चोरी, मनरेगा, अवैध खनन, अमेरिका से ट्रेड डील समेत दर्जनभर से ज्यादा मुद्दों को लेकर सरकार से जवाब मांगेगी और सत्र के दौरान कांग्रेस को घेरेगी।
हरियाणा भवन में पूर्व मुख्यमंत्री व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जनता ने कांग्रेस को विपक्ष की जिम्मेदारी सौंपी ह, जिसे पार्टी बखूबी निभाएगी। हरियाणा के पास कांग्रेस के रूप में एक मजबूत विपक्ष है जो जनता के मुद्दों को पुरजोर तरीके से उठाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता भाजपा सरकार से त्रस्त आ चुकी है। यह सरकार कई मुद्दों पर बुरी तरह से विफल साबित हुई है। हजारों बुजुर्गों की पेंशन कट गई है। अवैध खनन रुका नहीं। युवाओं को नौकरियां नहीं मिल रही है। समाज का हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। उन्होंने बताया कि 19 फरवरी को चंडीगढ़ में एकबार फिर विधायक दल की मीटिंग होगी। इस दौरान कई विधायकों ने अपने सुझाव भी दिए।