चंडीगढ़। हरियाणा लोक सेवा आयोग चार विभागों में अभियंता पदों पर भर्ती करेगा। आवेदन के लिए आयोग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक पद के लिए श्रेणीवार शुल्क देना होगा तभी वह आवेदन के लिए अधिकृत होंगे।
आयोग के अनुसार लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) विभाग में सहायक अभियंता (सिविल), शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरियाणा के नगर निगमों में नगर अभियंता (सिविल), विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा में उप मंडल अभियंता (सिविल) पंचायती राज के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। लोक सेवा आयोग आठ अगस्त को पदों पर भर्तियों को लेकर निर्णय ले चुका है।
आयोग ने अपनी अधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन की प्रक्रिया की तैयारी करने वालों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक बार ऑनलाइन आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को उपरोक्त तीनों पदों के लिए विचार करने का मौका दिया जाएगा लेकिन इसके लिए शर्त यही रहेगी कि वह उक्त पदों की पात्रता शर्तों को पूरा करते हों। इसके अलावा अभ्यर्थियों को पदों के लिए दिए गए श्रेणीवार प्रत्येक पद के लिए अलग से शुल्क देना होगा। वहीं जो भी अभ्यर्थी पहले से ही शुल्क का भुगतान कर चुके हैं तो वे आयोग को साक्ष्यों के साथ बताएंगे।