हरियाणा में गुरुवार को सफर के दौरान बसों का टोटा रहेगा। भाजपा की तरफ से फरीदाबाद में विभाजन की विभीषिका कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शामिल होंगे। कार्यक्रम में आवागमन के लिए हरियाणा रोडवेज की 472 बसों को फरीदाबाद भेजा जाएगा। इसी तरह से 1337 निजी बसों को भी कार्यक्रम के लिए लगाया जाएगा। संबंधित बसों में करीब 27 हजार 200 लोगों के आवागमन का इंतजाम किया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में गुरुवार को सुबह 11 बजे से फरीदाबाद में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए सभी 27 डिपुओं से 9 से लेकर 80 बसों तक का संचालन कराने का ब्योरा तैयार किया है। हरियाणा राज्य परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव टीएल सत्य प्रकाश की तरफ से राज्य परिवहन निगम के महानिदेशक को पत्र भेजा गया है। इसमें बसों के संचालन को लेकर ब्योरा भेजा गया है। इसमें बल्लभगढ़ से सर्वाधिक 80, करनाल से 25, पानीपत व कैथल से 20-20 बसों के संचालन की योजना है। संबंधित बसों का संचालन डिपो से होगा।
वहीं, हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के राज्य महासचिव सुमेर सिवाच का कहना है कि कहीं पर भी बसों का संचालन हो लेकिन जब भी आवागमन के लिए बसों का इंतजाम किया जाता है तो वहां चालक-परिचालकों आदि कर्मचारियों के लिए भोजन और ठहरने का इंतजाम भी होना चाहिए। सरकार के निर्देशों का पालन करना कर्मचारियों का दायित्व होता है।