मुख्यमंत्री शुक्रवार को राज्य के लोगों को देंगे 9 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को स्वास्थ्य से संबंधित कई परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी 9 बड़ी परियोजनाओं को जनता को समर्पित किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि हृदय रोगों की समय पर पहचान और उपचार के लिए प्रदेश के 600 स्वास्थ्य संस्थानों में टेली-ईसीजी सेवाएं शुरू की जा रही हैं जिस पर प्रतिवर्ष लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। प्रदेश के 23 जिला अस्पतालों में अमृत फार्मेसी भी शुरू की जा रही है जहां आमजन को ब्रांडेड दवाइयां बेहद सस्ती दरों पर मिल सकेंगी। इस योजना पर 1.73 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं महिलाओं के लिए स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार क्लीनिक भी स्थापित किए जाएंगे जिन पर हर वर्ष 0.34 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
इसके अलावा किडनी रोगियों को राहत देते हुए महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज कोरियावास (नारनौल) और अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय मेडिकल कॉलेज छायंसा (फरीदाबाद) में निशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए 22.29 करोड़ रुपये की लागत से 30 स्वास्थ्य संस्थानों का उद्घाटन व 21.50 करोड़ रुपये की लागत से 16 नए स्वास्थ्य संस्थानों का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा जिला नागरिक अस्पताल सोनीपत में 6.45 करोड़ रुपये से अत्याधुनिक विश्राम गृह भी बनाया जाएगा। पीपीपी मॉडल के तहत पानीपत और कुरुक्षेत्र में एमआरआई सेवाएं व बहादुरगढ़ और दादरी में सीटी स्कैन सेवाएं शुरू की जाएंगी। साथ ही सीएसआर साझेदारी के माध्यम से अस्पतालों को आधुनिक मशीनों और उपकरणों से लैस किया जा रहा है। सरकार 4600 आशा कार्यकर्ताओं को आपदा और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण भी दे रही है।