चंडीगढ़। राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा, प्रदेश का शासन गैंगस्टरों और माफिया के हाथ में चला गया है। सुरजेवाला ने रविवार को चंडीगढ़ कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
सुरजेवाला ने इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला को मिली धमकी पर कहा कि यह भी बेहद चिंताजनक बात है कि एक राजनैतिक पार्टी के मुखिया को धमकी मिल रही है। सुरजेवाला ने कहा कि 11 वर्ष पहले राज्य में भाजपा के सत्ता में आने से पहले अखबारों में हेडलाइन खिलाड़ियों के मेडल जीतने, युवाओं की फौज में बहादुरी, एनसीआर में बड़े पूंजी निवेश, देश के सभी राज्यों में हरियाणा की तरक्की पर होती थी। 2014 में भाजपा सरकार बनने के बाद अखबारों की हेडलाइन भर्तियों के पर्चे लीक होने, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग में रिश्वत की अटैची मिलने, किसान आंदोलन में अत्याचार और कर्मचारियों पर लाठीचार्ज बनने लगी।
सुरजेवाला ने कहा कि फरवरी में चंडीगढ़ में सात राज्यों के डीजीपी की बैठक के दौरान हरियाणा सरकार ने खुद माना कि राज्य में 80 गैंग सक्रिय हैं। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग, बंबीहा गैंग, नीरज बयाना, भाऊ गैंग, कौशल चौधरी गैंग, गोल्डी बराड़ गैंग, राणा गैंग सहित दर्जनभर गैंगस्टर खुलेआम हत्या, फिरौती, वसूली और उगाही का धंधा कर रहे हैं।
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के अनुसार राज्य में रोजाना तीन हत्याएं हो रही हैं। 2024 में प्रदेश में 966 हत्याएं हुईं, एक साल में महिलाओं के खिलाफ अपराधों के कुल 16,743 मामले दर्ज हुए। साल 2025 की पहली तिमाही में 4,137 लोग गायब हुए। ब्यूरो