अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) तकनीकी कर्मचारियों के लिए सुरक्षा कोड परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। यह परीक्षा एक अक्तूबर को एनआईटी कुरुक्षेत्र में दो शिफ्टों में होगी। इसमें सुरक्षा कोड परीक्षा पास नहीं करने वाले जूनियर इंजीनियर, लाइन मैन, सहायक लाइनमैन और फोरमैन भाग लेंगे। परीक्षा में पास नहीं होने पर कर्मचारियों का इंक्रीमेंट अगली परीक्षा पास करने तक रुक जाता है।
यूएचबीवीएन की तरफ से जारी जारी पत्र के मुताबिक परीक्षा की पहली शिफ्ट एक अक्तूबर की सुबह 11:30 से 12:30 बजे और दूसरी दोपहर 2:30 से 3:30 बजे तक होगी। इस परीक्षा में सुरक्षा संबंधी मानकों से जुड़े 50 बहुविकल्पीय (ऑब्जेक्टिव) सवाल होते हैं। इसमें सही उत्तर पर निशान लगाना होता है। परीक्षा का उद्देश्य बिजली कर्मचारियों को कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना, दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम करना है।