अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा रोडवेज की बसों में तकनीकी खराबी की मरम्मत के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अब तत्काल बसों की मरम्मत हो सकेगी। इसी तरह से बसों की धुलाई भी अब जल्द हो सकेगी। प्रदेश के सभी डिपो पर जल्द ही ऑटोमैटिक धुलाई मशीनों से बसों की सफाई होगी। इससे समय की बचत होगी और पानी की बर्बादी भी रुकेगी।
हरियाणा रोडवेज के प्रदेश में दिल्ली व चंडीगढ़ सहित कुल 24 डिपो हैं। बसों की धुलाई के लिए रोडवेज की 22 ऑटोमैटिक मशीनों की खरीद की योजना है। इस पर करीब 2.62 करोड़ रुपये खर्च होंगे। फिलहाल बस डिपो पर कर्मचारी ही बसों की धुलाई का कार्य करते हैं। इस कारण एक बस की धुलाई में करीब 25 से 35 मिनट तक का समय लगता है। ऑटोमैटिक मशीनों से बसों की धुलाई का कार्य और बेहतर तरीके से हो पाएगा।