हरियाणा में 65वीं सुब्रोतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता-2026-27 के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को प्री सुब्रोतो प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों का पंजीकरण संबंधित स्कूलों के माध्यम से करवाने के निर्देश दिए हैं। खिलाड़ियों का पंजीकरण ब्लॉक स्तर के प्री सुब्रोतो पोर्टल पर किया जाएगा।
जारी निर्देशों के अनुसार ब्लॉक और जिला स्तर की प्री सुब्रोतो प्रतियोगिताएं 14 अगस्त से आयोजित होंगी। इसके बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 16 से 18 अगस्त तक हिसार में कराई जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी खिलाड़ियों का पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है।
निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने जिलों से प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के पंजीकरण से जुड़ी जानकारी निदेशालय की ईमेल पर भी भेजना सुनिश्चित करें। विभाग ने इस पूरी प्रक्रिया को उच्च प्राथमिकता देने को कहा है। प्रतियोगिता अंडर-17 आयु वर्ग के लड़कों और लड़कियों के लिए आयोजित की जा रही है।