दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने मल्लिकार्जुन खरगे को हरियाणा की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी।
हरियाणा कांग्रेस में कार्यक्रमों के लिए अनुमति लेने संबंधी आदेश को लेकर चल रहे विवाद और निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश कांग्रेस के भीतर पूर्व प्रभारी बीके हरिप्रसाद द्वारा जारी अनुमति संबंधी आदेश को दोबारा लागू करने को लेकर चर्चा तेज है।
विज्ञापन
हाल ही में राव नरेंद्र सिंह ने पूर्व में जारी अनुमति आदेश को पुनः लागू किया था, जिसके बाद कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि वह अपने पुराने बयान पर कायम है, जिसमें कहा था कि राज्य स्तरीय कार्यक्रमों के लिए अनुमति व्यवस्था उचित हो सकती है, लेकिन इसे विधानसभा क्षेत्रों और स्थानीय स्तर तक लागू करना सही नहीं है। इस मुद्दे को लेकर पार्टी के भीतर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं।
इसी बीच दिल्ली में हुई मुलाकात के दौरान राव नरेंद्र सिंह ने मल्लिकार्जुन खरगे को हरियाणा की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों और युवाओं से जुड़े विषयों के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ बढ़ते जन असंतोष पर भी चर्चा की।
विज्ञापन
राव नरेंद्र ने निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे एसआईआर अभियान और उसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी की भी जानकारी दी। वहीं, खरगे ने संगठन को और मजबूत करने, जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने तथा बूथ स्तर तक पार्टी को सशक्त बनाने पर जोर दिया। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब हरियाणा कांग्रेस संगठनात्मक और राजनीतिक दोनों मोर्चों पर सक्रिय नजर आ रही है।