- क्यूएए-क्यूसीआई की बैठक में सड़कों, पुलों और भवनों के मानकों के साथ नई तकनीक पर मंथन
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में सड़कों, पुलों, भवनों और अन्य सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांच व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इस दिशा में हरियाणा क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी (क्यूएए) और क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (क्यूसीआई) मिलकर काम करेंगे। क्यूएए के चेयरमैन समीर पाल सरो ने नई दिल्ली स्थित क्यूसीआई मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर इस संबंध में आगे की कार्ययोजना पर चर्चा की।
बैठक में निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों के प्रभावी पालन, मौजूदा जांच व्यवस्था को बेहतर करने व आधुनिक गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली लागू करने पर जोर दिया गया। साथ ही नई तकनीक के इस्तेमाल से गुणवत्ता की निगरानी अधिक प्रभावी बनाने और परियोजनाओं की लंबे समय तक उपयोगिता सुनिश्चित करने के उपायों पर विचार हुआ।
दोनों संस्थाओं के बीच इस वर्ष हुए समझौता ज्ञापन के बाद यह बैठक संस्थागत सहयोग को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है। इसके तहत विशेषज्ञता साझा करने, अधिकारियों की क्षमता बढ़ाने और गुणवत्ता जांच से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। क्यूसीआई के अनुभव का लाभ लेकर हरियाणा में गुणवत्ता के मानकों को और बेहतर किया जाएगा।