चुनाव की तैयारियां तेज, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दिशा-निर्देश जारी किए
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में पंजाब-हरियाणा बार काउंसिल के चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है। चुनाव मार्च 2026 में करवाए जाएंगे।चंडीगढ़ में मतदान 17 मार्च व हरियाणा के जिलों में चुनाव 18 मार्च को संपन्न होंगे। चुनाव की तैयारियों को लेकर न्याय प्रशासन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
डाॅ. मिश्रा ने राज्यभर में चुनावों के सुचारु संचालन के लिए सभी उपायुक्तों को आवश्यक प्रशासनिक एवं लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। बार काउंसिल के रिटर्निंग ऑफिसर ने मतदान प्रक्रिया की निगरानी एवं संचालन के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों की तैनाती करने को कहा है। इसके लिए सभी उपायुक्तों को समयबद्ध तैनाती और समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए जाएंगे। बार काउंसिल के चुनाव हर पांच वर्ष में होते हैं। राज्य प्रशासन ने निर्धारित कार्यक्रम और प्रक्रियाओं के सख्त पालन पर जोर देते हुए पारदर्शी व सुव्यवस्थित चुनाव प्रक्रिया अपनाने की बात कही है।
सभी उपायुक्तों को मतदान कार्यक्रम की समय पर तैयारी, मतदाता सूचियों का संकलन, उपयुक्त मतदान केंद्रों की पहचान व आवश्यक बुनियादी ढांचे और सामग्री की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा प्रबंधों, मतदाता सुविधा उपायों और मतदान प्रक्रिया की रियल टाइम निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि किसी भी चुनौती का त्वरित समाधान किया जा सके। डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा हरियाणा सरकार इस दायित्व को पूरी गंभीरता से ले रही है और चुनाव संचालन के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बेहतरीन प्रशासनिक क्षमता और विभिन्न चुनावी प्रक्रियाओं के आयोजन का अनुभव बार काउंसिल चुनावों को दक्षता, पारदर्शिता और निष्पक्षता से करवाने में सहायक सिद्ध होगा।