- भोंडसी में चार महीने की खास ट्रेनिंग, पहले बैच में प्रदेशभर से 50 पुलिसकर्मी चयनित
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पुलिस में ड्रिल सिर्फ परेड में कदमताल तक सीमित नहीं है। इसमें दक्षता हासिल करने वाले पुलिसकर्मियों के लिए आगे अलग-अलग विंग में काम करने के रास्ते भी खुलते हैं। इसी वजह से हरियाणा पुलिस में पहले बैच में चयनित 50 पुलिसकर्मियों को ड्रिल की विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। भोंडसी स्थित भर्ती प्रशिक्षण केंद्र में यह प्रशिक्षण एक अक्तूबर से पांच फरवरी 2027 तक चलेगा।
चार महीने की इस ट्रेनिंग में ड्रिल और परेड के साथ शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टीम के साथ तालमेल का अभ्यास कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद इन पुलिसकर्मियों की दक्षता का इस्तेमाल पुलिस की परेड, प्रशिक्षण गतिविधियों और ऐसी अन्य जिम्मेदारियों में किया जा सकता है जहां ड्रिल का विशेष अनुभव जरूरी होता है। इस ट्रेनिंग को पुलिसकर्मियों के लिए अतिरिक्त कौशल हासिल करने का अवसर माना जाता है।
पहले बैच में गुरुग्राम और सोनीपत से पांच-पांच, एचएपी और अंबाला रेंज से छह-छह पुलिसकर्मी भेजे जाएंगे। फरीदाबाद, पंचकूला, झज्जर, रोहतक, हिसार, करनाल, सिरसा और रेवाड़ी के अलावा रेलवे, आईआरबी और कमांडो इकाइयों से भी पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस विभाग के वार्षिक प्रशिक्षण कैलेंडर में शामिल इस पाठ्यक्रम के लिए चयनित पुलिसकर्मियों को 30 सितंबर को भोंडसी पहुंचना होगा।