- गुरुग्राम का नाम लेकर पैकेजिंग बोर्ड और पेपर कोर को बेहतर तरीके से रीसाइकिल करने पर किया प्रोत्साहित
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 122वें एपिसोड के माध्यम से देश को संबोधित किया। अपने संबोधन के दौरान पीएम ने खेलों में हरियाणा की धाक और गुरुग्राम में बढ़ते नवाचार को सराहा। इसके अतिरिक्त पीएम ने पैकेजिंग बोर्ड और पेपर कोर को बेहतर तरीके से रीसाइकिल करने पर भी प्रोत्साहित किया। इसके लिए विशाखापत्तनम, गुरुग्राम और जालना तीन शहरों का पीएम ने नाम भी लिया।
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार के पांच शहरों में आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स में देशभर के विभिन्न राज्यों से पांच हजार से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। ओलंपिक चैनल के जरिए खिलाड़ी दुनिया भर में पहुंचे हैं। पूरे विश्व के लोगों ने हमारे देश के खिलाड़ियों की प्रतिभा को देखा और सराहा है। इसके लिए पीएम ने खासकर खेलो इंडिया के पदक विजेता टॉप तीन राज्य महाराष्ट्र, हरियाणा और राजस्थान को बधाई दी।
हरियाणा ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स-2025 में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। राज्य ने इस प्रतियोगिता में 39 स्वर्ण, 57 रजत और 51 कांस्य पदकों के साथ कुल 117 पदक जीतकर अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। पिछले वर्ष आयोजित खेलो इंडिया यूथ गेम्स से अबकी बार हरियाणा ने 13 पदक अधिक जीतने के साथ तालिका में एक पायदान की छलांग भी लगाई है।
पहले भी मन की बात में हरियाणा की सराहना कर चुके पीएम
- इससे पहले मार्च 2025 में पीएम ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को बधाई देते हुए भी विशेष रूप से हरियाणा को सराहा था। उन्होंने कहा था कि यह सफलता देश के पैरा-एथलीटों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वहीं, इसी कार्यक्रम में पीएम ने हरियाणा के पानीपत को टेक्सटाइल वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने के लिए भी सराहना की थी। पीएम ने कहा कि पानीपत ने अपशिष्ट प्रबंधन के जरिए न केवल पर्यावरण संरक्षण में योगदान दिया बल्कि इसे एक आर्थिक अवसर में भी बदला है। यह शहर आज टेक्सटाइल रीसाइक्लिंग का केंद्र बनकर उभरा है, जो स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और सतत विकास का मार्ग प्रशस्त कर रहा है।