फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh-Haryana News: हरियाणा के 18 ड्राई पोर्ट से स्वीडन के साथ कारोबार बढ़ाने की तैयारी

विज्ञापन
विज्ञापन
फोटो समाचार
विज्ञापन


स्वीडन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निवेश और कारोबार बढ़ाने पर की चर्चा

निवेशकों को 2027 के ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में आने के लिए दिया न्योता


अमर उजाला ब्यूरो

चंडीगढ़। हरियाणा के 18 ड्राई पोर्ट अब स्वीडन के साथ कारोबार बढ़ाने का नया रास्ता बन सकते हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन के विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा साथ बैठक में इन ड्राई पोर्ट के जरिए सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर चर्चा की। इसके साथ ही शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा और उद्योगों में निवेश बढ़ाने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने स्वीडन के उद्योगों और निवेशकों को 2027 में होने वाले हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में शामिल होने का न्योता भी दिया।
स्वीडन में आयोजित इंडिया-स्वीडन इनोवेशन डे 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सैनी ने भारत और स्वीडन के बीच औद्योगिक साझेदारी मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच कारोबार लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2016 में भारत-स्वीडन का व्यापार 2.86 अरब डॉलर था जो 2025 में बढ़कर 7.75 अरब डॉलर हो गया। दोनों देशों के बीच आने वाले पांच वर्षों में व्यापार और निवेश दोगुना करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने स्वीडन के उद्योगों को हरियाणा में निवेश की संभावनाओं से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में आइकिया की 3,500 करोड़ रुपये की एकीकृत परियोजना पर काम हो रहा है। झज्जर की मेट सिटी में स्वीडन की कंपनी कार्ल गुस्ताफ विनिर्माण संयंत्र स्थापित कर रही है। वहीं, फरीदाबाद में एबीबी की विनिर्माण इकाई वर्ष 1951 से काम कर रही है और आधुनिक इलेक्ट्रिक मोटरों के उत्पादन का प्रमुख केंद्र है।
विज्ञापन

सैनी ने कहा कि ये परियोजनाएं दिखाती हैं कि हरियाणा विदेशी कंपनियों के लिए निवेश का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन रहा है। राज्य सरकार चाहती है कि स्वीडन की कंपनियां यहां और निवेश करें तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा हों।


शिक्षा और कौशल विकास में भी सहयोग पर जोर


मुख्यमंत्री ने स्वीडिश मंत्री के साथ बैठक में शिक्षा, कौशल विकास और ऊर्जा के क्षेत्र में मिलकर काम करने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को प्रशिक्षण देने और नई तकनीक को बढ़ावा देने में दोनों पक्ष सहयोग कर सकते हैं। स्वीडन के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा ने हरियाणा के साथ भविष्य की योजनाओं पर मिलकर काम करने पर सहमति जताई। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।
विज्ञापन



गीता महोत्सव में शामिल होने का न्योता दिया
मुख्यमंत्री ने स्वीडन के प्रतिनिधियों को कुरुक्षेत्र में होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया। सरकार की कोशिश है कि स्वीडन के साथ मौजूदा औद्योगिक रिश्तों को आगे बढ़ाकर नए निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसर तैयार किए जाएं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें