अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। लाडो लक्ष्मी योजना हरियाणा की आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं के लिए वरदान तो बनी है साथ ही परिवार पहचान पत्र का डाटा भी दुरुस्त हो गया है। परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में लाखों लोगों ने अहम जानकारियां छिपाई थी या डाटा अपडेट नहीं किया था। मगर लाडो लक्ष्मी योजना में लाभार्थियों के आवेदन से ये जानकारियां सामने आ गई हैं।
इस योजना से सरकार का डाटा भी दुरुस्त हो गया है हालांकि सरकार की ओर से किसी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए जिन महिलाओं ने डाटा भरा है उससे हरियाणा के डाटा संग्रह में भी कई जानकारियां अपडेट हुई हैं।
लाडो लक्ष्मी योजना को लॉन्च करते हुए उन्होंने बताया कि हरियाणा में एक लाख से कम आय वाले परिवारों की संख्या करीब 17 लाख 69 हजार 911 के आसपास होगी। इन सभी की जन्मतिथि पीपीपी के डाटा में थी। इनमें से कई ने अपनी जन्मतिथि दुरुस्त करवाई थी, मगर उसे पीपीपी में अपडेट नहीं कराया था।
लाडो लक्ष्मी योजना के माध्यम से करीब दो हजार 281 महिलाओं की जन्मतिथि ठीक कर उसे अपडेट किया गया। एक लाख आय वालों के कुल 15 लाख एक हजार 836 बैंक खाते थे इस योजना के माध्यम से 94 हजार 932 नए खाते अपडेट किए गए।
वहीं, आवेदकों के सत्यापन के दौरान दो लाख 58 हजार 543 नए बिजली कनेक्शन अपडेट किए गए। पहले यह कनेक्शन पीपीपी में नहीं थे। इसी प्रकार से 10345 युवतियां जिनकी कुछ समय पहले शादी हुई थी उनका डाटा वैवाहिक कैटेगिरी में अपडेट किया गया।
29 हजार 928 नए वाहन मालिकों की भी पहचान हुई है। पीपीपी डाटा के अंदर वे वाहन मालिक नहीं थे। वहीं लाडो योजना की जानकारियों से करीब चार हजार 145 पते भी ठीक हुए हैं। इसी तरह से तीन लाख 55 हजार 175 नए डोमिसाइल और पीपीपी में चार हजार 850 नई पीपीपी आईडी अपडेट हुई हैं।