हरियाणा-जापान के बीच रिश्तों की मजबूती के लिए गोल्फ टोक्यो कप-2 आयोजित
- एचएसआईआईडीसी की पहल
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
हरियाणा राज्य औद्योगिक और अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) ने भारत और जापान के बीच औद्योगिक संबंधों की मजबूती की दिशा में कनेक्ट इंडिया जापान और क्रिसुमी कॉरपोरेशन के साथ मिलकर गोल्फ इवेंट टोक्यो कप-2 का आयोजन किया। भारत-जापान कॉरपोरेट गोल्फ इवेंट शनिवार को आईटीसी क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब गुरुग्राम में आयोजित किया गया।
टोक्यो कप-2 केवल एक खेल आयोजन नहीं बल्कि भारत और जापान के बीच लंबे समय से चली आ रही साझेदारी का उत्सव है। इस कार्यक्रम ने जापानी कॉरपोरेशनों, भारतीय उद्योग जगत और सरकारी प्रतिनिधियों को एक साझा मंच पर लाकर आपसी सहयोग को और गहरा किया।
सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 5 से 8 अक्तूबर तक जापान में हुए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल दौरे के बाद एचएसआईआईडीसी जापानी कंपनियों के साथ लगातार संवाद कर रहा है। प्रदेश में 500 से अधिक जापानी कंपनियां सक्रिय हैं जो पूरे भारत में संचालित जापानी उद्योगों का लगभग 27 फीसदी हिस्सा हैं। गुरुग्राम, मानेसर और बावल जैसे क्षेत्रों में एचएसआईआईडीसी ने विश्व-स्तरीय औद्योगिक ढांचा तैयार किया है जिससे जापानी कंपनियों को न केवल तैयार औद्योगिक स्थान मिलते हैं बल्कि बेहतर सड़क-रेल कनेक्टिविटी और निवेश-अनुकूल माहौल भी मिलता है।