अमर उजला ब्यूरो
चंडीगढ़। प्रदेश के नए पटवारी रबी फसलों के लिए होने वाली गिरदावरी के कार्य में भी लगाए जाएंगे। फील्ड में इनका प्रशिक्षण होगा। एसोसिएशन का कहना है कि पटवारियों के पास गिरदावरी के लिए पर्याप्त टैब नहीं है। इससे कार्य में परेशानी होगी। प्रदेश में 2691 के बजाय 5077 पटवार सर्कल बनाने के लिए पत्र जारी हो गया है।
दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के राज्य प्रधान जयबीर चहल और राज्य महासचिव सन्नी दहिया का कहना है कि 10 फरवरी को विभागीय मुद्दों से लेकर दूसरे कई बिंदुओं पर भू अभिलेख निदेशालय के अधिकारियों से वार्ता होगी। चहल के अनुसार जो 6 पटवारी निलंबित किए गए थे उन्हें बहाल कर दिया है। कहा कि पटवारियों के पास पर्याप्त टैब नहीं ऐसे में जो भी गिरदावरी का कार्य होगा उसे कराने में तकनीकी रूप से परेशानी होगी। इसलिए वार्ता के दाैरान निदेशालय के उच्चाधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराएंगे।
भू अभिलेख निदेशालय ने एग्रीस्टैक और ततीमा के कार्य के लिए जिन नए पटवारियों की ड्यूटी दो माह के लिए लगाई गई थी उन्हें रबी की गिदावरी के कार्य के लिए गृह जिले के अनुसार ड्यूटी लगाने के लिए सभी उपायुक्तों और जिला राजस्व अधिकारियों को पत्र भेजा है। राज्य महासचिव सन्नी का कहना है कि नए पटवारियों को सरकार की घोषणा की अनुसार जो भी सुविधा जैसे प्रशिक्षण के दाैरान पूरा वेतन, प्रशिक्षण की अवधि एक वर्ष करने आदि का नोटिफिकेशन जारी कराने की मांग भी रखी जाएगी।