हरियाणा में सीईटी (संयुक्त पात्रता परीक्षा) 2025 को लेकर आवेदन जारी हैं। आवेदनों के बीच अभी भी सरल पोर्टल को लेकर कई तकनीकी कमियां है। 13 दिन बाद भी सरल पोर्टल पूरी तरह से नहीं चल सका है। आवेदकों को सबसे ज्यादा परेशानी सरल पोर्टल को लेकर ही आ रही है। दूसरी ओर, सरकार अभी तक सीईटी के आवेदन की तिथि बढ़ाई जाएगी या नहीं, इसे लेकर निर्णय नहीं ले सकी है। हजारों आवेदक अभी भी आवेदन करने से वंचित हैं।
आवेदनों से पहले सीईटी सी ग्रुप के लिए 11 से 14 लाख तक आवेदन होने का आंकलन था, मगर आयोग अभी तक कितने आवेदन हुए यह नहीं बता सका। सीईटी के पोर्टल पर विजिटरों की संख्या करीब 55 लाख तक जा पहुंची है। 12 जून वीरवार की रात 11:55 बजे तक ही आवेदन होंगे। इसके बाद 14 जून की शाम 6 बजे तक सीईटी को लेकर आवेदन करने वाले शुल्क जमा करवा सकेंगे।
एनआईसी की बात करें तो संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास अभी तक कितने प्रमाण पत्र के लिए आवेदन हुए, कितने प्रमाण पत्र लंबित हैं और लंबित प्रमाण पत्र को लेकर क्या पुख्ता इंतजाम किए हैं यह भी नहीं बता सके।
सीईटी के पोर्टल पर आवेदन को लेकर बुधवार को सुबह 11 बजे थोड़ी देर के लिए परेशानी हुई। मंगलवार की शाम छह बजे से शाम सात बजे तक भी परेशानी हुई थी और आवेदकों के पास ओटीपी नहीं जा रही थे। हिसार और रोहतक के सीएससी संचालकों ने बताया कि बुधवार को भी थोड़ी देर के लिए सीईटी पोर्टल पर एरर आया था, इस कारण थोड़ी देर के लिए आवेदन नहीं हो सके। वहीं, सरल पोर्टल पूरी तरह से अभी तक नहीं चल सका।
सोशल मीडिया पर हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह के नाम से एक पोस्ट की गई है जिसमें सीईटी के आवेदन को लेकर तिथि आगे बढ़ाने की बात कही गई। हालांकि संबंधित पोस्ट को फेक बताते हुए आयोग के अध्यक्ष ने इन दावों को खारिज किया। आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके इन सभी फेक पोस्ट का खंडन किया है।
सीईटी के आवेदन की प्रक्रिया जारी है, सीईटी के लिए कितने आवेदन हुए, यह जानकारी अभी नहीं मिल पाएगी। - भूपेंद्र चौहान, सदस्य, हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग