-मानसून सीजन की तैयारियों की समीक्षा बैठक में सिंचाई मंत्री ने दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में आगामी मानसून सीजन से पहले ही अधिकारियों को जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने होंगे। अधिकारियों को फील्ड में रहने के साथ ही कार्य गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ हो रहा है कि नहीं इसे लेकर भी जनता को अवगत कराना होगा। सिंचाई मंत्री ने आदेश दिए कि प्रदेश में जिन स्थानों पर ड्रेन की सफाई के कार्य हो रहे हैं वहां अधीक्षण अभियंता स्तर के अधिकारियों को पहुंचकर लाइव फोटो पोस्ट करने होंगे। प्रदेश में 20 जून तक ड्रेन की सफाई के सभी कार्य पूरे करने होंगे।
सोमवार को मानसून के सीजन की तैयारियों की समीक्षा हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने की। सिंचाई मंत्री ने स्पष्ट आदेश दिए कि मानसून सीजन के दौरान संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिकारी काम करें। सिंचाई मंत्री ने बाढ़ नियंत्रण से संबंधित आवंटित कार्यों की सभी परियोजनाओं को समय से पूरा कराने के भी आदेश देते हुए चेतावनी दी कि सफाई के कार्य समय पर हों अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में अधिकारियों ने सिंचाई मंत्री को अवगत कराया कि 56वीं हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की बैठक में 209 स्वीकृत लघु अवधि की परियोजनाओं में 194 के कार्य जारी हैं, जिनमें से 8 कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इस दाैरान जिलावार संबंधित कार्यों का ब्योरा भी प्राप्त किया।
-
अधिकारियों का दावा, 676 में से 470 ड्रेन की जा चुकी हैं साफ
सिंचाई मंत्री ने सिंचाई और जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में आदेश दिए कि आमजन को पीने के लिए पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए। विभागीय अधिकारियों ने बैठक में ब्योरा पेश करते हुए दावा किया कि प्रदेश में कुल 873 ड्रेन में से 676 साफ किया जाना है, जिसमें से 470 ड्रेन साफ की जा चुकी हैं। शेष कार्य 20 जून तक किया जाएगा। बैठक के दाैरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाईन ने जल निकासी के पूरे इंतजामों का पूरा ब्योरा बताया।