केंद्रों में तैनात डॉक्टरों को पीजीआई में दिलवाई जा रही ट्रेनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा में अब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) में मानसिक बीमारियों का इलाज शुरू हो गया है। राज्य सरकार इन केंद्रों पर तैनात डॉक्टरों को मानसिक रोगों के इलाज की ट्रेनिंग दिला रही है ताकि वह अपने केंद्र में आने वाले मरीजों का इलाज कर सकें। हाल ही में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने पीजीआई रोहतक में 30 से ज्यादा डॉक्टरों को ट्रेनिंग दिलवाई है।
भागदौड़ से भरी जिंदगी में लोग मानसिक रोग का शिकार हो रहे हैं। डायबिटीज व अन्य बीमारियों की तरह मानसिक रोगियों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर मानसिक बीमारियों का असर शरीर के अन्य हिस्सों में पड़ता है। इससे मरीज कई और गंभीर बीमारियों के चपेट में आता है। ऐसे में सरकार अब पीएचसी व सीएचसी केंद्रों पर तैनात डॉक्टरों को ट्रेनिंग दिला रही है। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले दिनों ट्रेनिंग लेने वाले डॉक्टरों की तैनाती सीएचसी व पीएचसी में कर दी है। इससे मरीजों को लाभ मिलने लगा है। अब बहुत जल्द ही अन्य केंद्रों के अन्य डॉक्टरों को भी पीजीआई रोहतक में ट्रेनिंंग दिलवाई जाएगी। हरियाणा के लगभग सभी सिविल अस्पताल में मनोरोग चिकित्सक नियुक्त हैं।