जल्द ही मुख्यमंत्री विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ सीएम विंडो की समीक्षा बैठक करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने सीएम विंडो की समीक्षा बैठक के दौरान 5 नोडल अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अलग-अलग विभागों से जुड़े लापरवाही के मामलों पर जवाब मांगा गया है।
मौलिक शिक्षा विभाग पंचकूला के नोडल अधिकारी के बैठक में अनुपस्थिति रहने, स्कूल शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी की ओर से एक्शन टेकन रिपोर्ट समय पर सीएमओ में न भेजने, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड नरवाना के सचिव की ओर से मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर डाटा सत्यापन के बिना जारी करने, कैथल जिला समाज कल्याण अधिकारी की ओर से गलत खाते में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता योजना का भुगतान करने, अतिरिक्त उपायुक्त, करनाल (क्रीड अधिकारी) की ओर से प्रार्थी की आय, बैंक खाता और दिव्यांगता के आंकड़े सत्यापित किए बिना गलत रिपोर्ट पोर्टल पर अपलोड करने पर कारण बताओ नोटिस भेजा गया है।
बैठक में सीएम विंडो का कार्यभार संभाल रहे ओएसडी राकेश संधू ने सभी अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि जल्द ही मुख्यमंत्री विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव स्तर के अधिकारियों के साथ सीएम विंडो की समीक्षा बैठक करेंगे। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम विंडो पर प्राप्त शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करें। कहा कि वर्ष 2022 से पहले दर्ज सभी शिकायतों की सूची संबंधित एडीसी की ओर से मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।