- कांग्रेस एससी विभाग के नवनियुक्त पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय
- 23 सितंबर को सोनीपत में राज्य स्तरीय बैठक में लगेगी मुहर
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग ने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े बदलाव किए हैं। अब विभाग के उपाध्यक्षों को जोन प्रमुख बनाया जाएगा जबकि सचिवों को जिला इंचार्ज की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। साथ ही महासचिवों को युवा व महिला वर्ग से संवाद और संगठन को मजबूत करने का टास्क मिलेगा। यह निर्णय आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
9 सितंबर को नियुक्त पदाधिकारियों को मिलने वाली नई जिम्मेदारियों की व्यवस्था पर अंतिम मुहर 23 सितंबर को सोनीपत के दीवान फार्म में होने वाली राज्यस्तरीय बैठक में लगेगी। बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बीके हरिप्रसाद, एससी विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान और एससी विभाग हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी मौजूद रहेंगे। इस दौरान सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की ड्यूटी और कार्य क्षेत्र स्पष्ट कर दिए जाएंगे।
पार्टी का लक्ष्य है कि डोर-टू-डोर कैंपेन के जरिए हर मतदाता तक पहुंचा जाए। इसके लिए 8 उपाध्यक्षों को जोन प्रमुख बनाकर उनके अधीन आने वाले जिलों की पूरी जिम्मेदारी दी जाएगी। 28 सचिवों को जिला इंचार्ज बनाकर उन्हें स्थानीय स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। वहीं 6 महासचिवों को महिला व युवा वर्ग से संवाद और संगठन को मजबूत करने का टास्क मिलेगा। 30 जिला प्रधान अपने-अपने जिलों में स्थानीय टीम का नेतृत्व करेंगे।
हर सप्ताह एआईसीसी को भेजी जाएगी रिपोर्ट
सभी जिलों में अलग-अलग सोशल मीडिया हैंडल बनाए जाएंगे जिन पर हरियाणा कांग्रेस एससी विभाग की हर गतिविधि नियमित रूप से अपडेट की जाएगी। इन गतिविधियों की निगरानी सीधे प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी करेंगे। बागड़ी की देखरेख में हर सप्ताह विस्तृत रिपोर्ट अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) को भेजी जाएगी ताकि केंद्रीय नेतृत्व राज्य की जमीनी स्थिति से अवगत रहे। बैठक में आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बूथ स्तर तक पहुंचने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। पार्टी का मानना है कि अनुसूचित जाति समाज कांग्रेस की रीढ़ है और यदि इस वर्ग तक सही तरीके से पहुंचा गया तो संगठन को मजबूत आधार मिलेगा।