चंडीगढ़। हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने नागपुर प्रवास के दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस अवसर पर हरियाणा में चल रही और प्रस्तावित सड़क, राजमार्ग, पुल और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई। नागपुर प्रवास के दौरान ही गंगवा ने मल्टी-मॉडल इंटरनेशनल कार्गो हब एंड एयरपोर्ट (एमआईएचएएन) का दौरा किया। उन्होंने परियोजना की आधुनिक तकनीक, एकीकृत लॉजिस्टिक प्रणाली और सुव्यवस्थित संचालन की सराहना की। उन्होंने कहा कि एमआईएचएएन जैसी परियोजनाएं औद्योगिक विकास, निर्यात और रोजगार सृजन के क्षेत्र में प्रभावी मॉडल हैं और प्रदेश में विश्व स्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी। उनके साथ पूर्व आईजी दलबीर भारती और पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा भी मौजूद थे। ब्यूरो