चंडीगढ़। सहकारिता मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा ने कहा है कि हरियाणा में मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के लिए प्रदेश में 15 प्रतिशत अधिक दूध संकलन का लक्ष्य तय किया है।
प्रदेश के हर ब्लॉक में दूध संकलन केंद्रों की स्थापना और जिलास्तर पर चिलिंग प्लांट लगाने से ‘वीटा’ के उत्पादों की बाजार में आसानी से उपलब्धता की योजना है। युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में 350 वीटा बूथ स्थापित किए जाएंगे।
सोमवार को सहकारिता मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा दिल्ली में केंद्रीय मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में राज्यों के सहकारिता मंत्री व सचिवों की बैठक में बोल रहे थे।
शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री सैनी के नेतृत्व में डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन खाद वितरण, कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाकर तकनीकी नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
सहकारी ऋण योजनाओं को सरल और सुलभ बनाकर एफपीओ को प्रोत्साहन देकर और हैफेड के माध्यम से किसानों को बाजार से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में सार्थक प्रयास कर रहे हैं। हरियाणा सरकार ने इस साल के बजट में सहकारिता विभाग के लिए करीब 59 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए 1254.97 करोड़ रुपये का आवंटन किया है। ब्यूरो