विरासती धरोहर को डेस्टिनेशन वेडिंग के तौर पर विकसित किया जाए
चंडीगढ़। घाटे में चल रहे पर्यटन निगम के टूरिस्ट कॉप्लेक्स अब लीज पर दिए जाएंगे। जल्द ही ऐसे टूरिस्ट कॉप्लेक्स को चिह्नित कर लिया जाएगा, जिन्हें पीपीपी के तहत लीज पर दिया जाएगा। वहीं, पर्यटन निगम की ओर से संचालित 12 से 13 पेट्रोल पंपों पर वीटा बूथ खोले जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को विरासत व पर्यटन विभाग के साथ बैठक में नीतियों व भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि हरियाणा के विरासती स्थल को डेस्टिनेशन वेडिंग के तौर पर विकसित किया जाए। पिछले साल हरियाणा सरकार ने पिंजौर गार्डन को शादी समारोह के आयोजनाें के लिए खोला था, अब इसी तर्ज पर अन्य विरासती स्थल को शादियों के लिए खोला जाएगा। इसके साथ ही पर्यटन कैलेंडर भी जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सभी ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पुराने इतिहास और संस्कृति से जोड़ने के लिए युवाओं विशेषकर विद्यार्थियों को इन स्थलों पर लेकर जाने और पूरी जानकारी देने की व्यवस्था की जाए। बैठक में विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा भी शामिल हुए। बैठक में सूरजकुंड मेले को साल में दो बार आयोजित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने बताया कि हरियाणा ने अपना पर्यटन कैलेंडर तैयार किया । टूरिस्टों को प्रदेश में पर्यटन के अधिक अवसर और आवासीय सुविधा मिले, इसके लिए होम स्टे, फार्म स्टे की संख्या बढ़ाने पर भी चर्चा हुई है। बैठक में विरासत व पर्यटन विभाग की प्रधान सचिव कला रामचंद्रन, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव यशपाल यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।