चंडीगढ़। पांच मई को होने वाली मंत्रिमंडल की बैठक की तैयारियों में हरियाणा सरकार जुट गई है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर मुहर लग सकती है।
इनमें मुख्य रूप से लाडो लक्ष्मी योजना, सीईटी के नियमों में बदलाव व ग्रुप सी व डी पदों की सीधी भर्ती के लिए नए नियमों पर मुहर लग सकती है। इसके लिए सीएमओ के अधिकारी जुटे हुए हैं, ताकि इन सभी महत्वपूर्ण एजेंडों को कैबिनेट की बैठक में पेश किया जा सके। मुख्यमंत्री सैनी ने बीते बजट सत्र में लक्ष्मी लाडो योजना की घोषणा की थी। इसके तहत पांच हजार करोड़ रुपये के बजट का भी प्रावधान किया गया है। सरकार अभी मंथन कर रही है कि इस योजना का लाभ किसे दिया जाए। इतना तय है कि गरीबी रेखा से नीचे महिलाओं को ही इसका लाभ मिलेगा। मगर हरियाणा में गरीबी रेखा की भी तीन श्रेणियां हैं।
पहली एक लाख 20 हजार, दूसरी एक लाख 80 हजार और तीसरी तीन लाख की सालाना आय। इसे लेकर अगले हफ्ते बैठक भी होनी है, जिसमें योजना को अंतिम रूप दिया जाना है।
वहीं, कैबिनेट की बैठक में ग्रुप सी व ग्रुप डी पदों की सीधी भर्ती के लिए नियम भी मंजूर किए जाएंगे। हाईकोर्ट ने हरियाणा सरकार को भर्ती नियम बनाने के निर्देश दिए थे। इसका भी एजेंडा राज्य के अधिकारी तैयार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सीईटी होने से पहले इन नियमों को मंजूरी दी जाएगी। ब्यूरो