इसी के साथ उन्होंने केंद्र सरकार के बजट की भी तारीफ की है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार गलत कार्य करेगी तो वह मोर्चाबंदी भी करेंगे। एक निजी चैनल के कार्यक्रम में कुलदीप शर्मा ने यह बातें कहीं। हालांकि, उन्होंने सीएम और भाजपा की तारीफ पर सफाई भी दी। उनका कहना है कि राजनीति में विरोधियों का सम्मान करना अच्छी बात है। एक समय वह भी था, जब अटल बिहारी वाजपेयी स्वयं इंदिरा गांधी को दुर्गा कहते थे। प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव की सरकार ने अटल बिहारी वाजपेयी को यूनाइटेड नेशंस में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए भेजा था।
हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी को अब खुद में कई सुधार लाने चाहिए। इससे पहले सिरसा के कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया और नारायणगढ़ की विधायक शैली चौधरी मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मंच साझा कर चुके हैं और उनकी तारीफ भी कर चुके हैं।
बता दें कि गन्नौर के पूर्व विधायक कुलदीप शर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के समधी हैं, जिन्होंने विधानसभा चुनाव में भाजपा को अपना खुला समर्थन दिया था। विनोद शर्मा की पत्नी यानी कुलदीप शर्मा की समधिन शक्ति रानी शर्मा कालका से भाजपा की विधायक हैं। भाजपा के ही सहयोग से राज्यसभा सदस्य बने कार्तिकेय शर्मा उनके दामाद हैं।