मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव के पास अब 16 विभाग, पहले 21 विभाग थे
सीएमओ में चार ओएसडी होंगे, भारत भूषण भारती के पास फिलहाल कोई चार्ज नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा मुख्यमंत्री के कार्यालय में तैनात अफसरों के कार्यक्षेत्र में सोमवार को बदलाव किया गया। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर का बोझ कम किया गया है। अब उनके पास 21 के बजाय 16 विभागों की जिम्मेदारी रहेगी। हालांकि सीएमओ के ओवरऑल इंचार्ज खुल्लर ही रहेंगे। मुख्यमंत्री के ओएसडी अरुण नेहरू की सीएमओ में एंट्री हो गई है। छह महीने बाद नेहरू को तीन विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही अब सीएमओ में चार ओएसडी होंगे। नेहरू के अलावा विवेक कालिया, सुधांशु गौतम और राजेश संधू। मुख्यमंत्री के एक अन्य ओएसडी भारत भूषण भारती को कोई विभाग नहीं सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद नायब सिंह सैनी ने पिछले साल दिसंबर में सीएम कार्यालय के कामकाज में बंटवारा किया था। तब राजेश खुल्लर को 21 विभाग सौंपे गए थे। अब खुल्लर के पांच विभाग अन्य अधिकारियों में बांट दिए गए हैं। इसके अलावा उनके पास वे विभाग भी होंगे, जो किसी अन्य अधिकारी को नहीं सौंपे गए हैं। खुल्लर पूर्व सीएम मनोहर लाल के कार्यकाल में भी पावरफुल अधिकारी थे। उनके पास सीएमओ कार्यालय का खासा अनुभव है। एक सितंबर 2023 को सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मनोहर लाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया था। उसके बाद सैनी ने भी उन्हें अपना मुख्य प्रधान सचिव नियुक्त किया।
खुल्लर से लिए गए ये विभाग
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर के पास अब 16 विभाग है। उनसे जेल, श्रम, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी, पीडब्ल्यूडी और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग दूसरे अधिकारियों को सौंपा गया है। अब उनके पास न्याय प्रशासन, आयुष, ऊर्जा, उत्पाद शुल्क और कराधान, वित्त, संस्थागत वित्त और ऋण नियंत्रण और योजना, सामान्य प्रशासन, कार्मिक एवं प्रशिक्षण, आतिथ्य एवं सतर्कता, स्वास्थ्य, होम, उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना, जनसंपर्क, भाषाएं और संस्कृति, सिंचाई और जल संसाधन, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान, संसदीय कार्य, विधि एवं विधायी, राजभवन, राजस्व व आपदा प्रबंधन, नगर एवं ग्राम नियोजन व शहरी संपदा विभाग शामिल है। वहीं, मुख्यमंत्री कार्यालय का संपूर्ण प्रभार, मुख्यमंत्री कार्यालय, विधायी कार्य से संबंधित सभी मामले, जिनमें मंत्रिपरिषद के समक्ष लाए गए विधायी प्रस्ताव और अध्यादेश जारी करना शामिल हैं।
अरुण गुप्ता से दो विभाग लेकर चार नए सौंपे
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता के पास अब कुल 11 विभाग हो गए हैं। उनसे दो विभाग लेकर चार नए विभाग सौंपे गए हैं। गुप्ता से हाउसिंग फार ऑल और युवा सशक्तीकरण विभागों का कामकाज वापस लेकर क्रिड, जेल, पीडब्ल्यूडी और सामाजिक एवं अधिकारिता विभागों का कामकाज सौंपा गया है। वे पहले की तरह सीएम की घोषणाओं के क्रियान्वयन का कामकाज देखते रहेंगे। उनके पास नागरिक उड्डयन, सहकारिता, क्रिड, पर्यावरण-वन एवं वन्य जीव, खाद्य एवं आपूर्ति-उपभोक्ता मामले, जेल, खनन एवं भूविज्ञान, पीडब्ल्यूडी, सामाजिक न्याय अधिकारिता-अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग कल्याण व अंत्योदय (सेवा), परिवहन और शहरी स्थानीय निकाय। इसके अलावा मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी रहेगी।
बजट घोषणा व सीएम विंडो की निगरानी करेंगे साकेत कुमार
सीएमओ के अतिरिक्त प्रधान सचिव साकेत कुमार के पास नौ विभाग हैं। इसके अलावा वे बजट घोषणाओं व सीएम विंडो की निगरानी करेंगे। उनके पास कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी, विकास एवं पंचायत, चुनाव, मत्स्य, विदेश सहयोग, हाउसिंग फार आल, सैनिक व अर्ध सैनिक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग भी रहेगा। कुरुक्षेत्र डेवलेपमेंट व अधूरे प्रोजेक्ट की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी।
स्कूली शिक्षा व खेल देखेंगे यश पाल यादव
उप प्रधान सचिव यशपाल यादव के पास आठ विभाग होंगे। उनके पास आर्किटेक्चर, अभिलेखागार, हेरिटेज एंड टूरिज्म, श्रम, प्रिंटिंग एंड स्टेशनरी, जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग, स्कूल शिक्षा और खेल विभाग। इसके अलावा सरस्वती हैरीटेज बोर्ड का काम देखेंगे।
राज नेहरू की बढ़ी अहमियत
विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति व सीएम के ओएसडी राज नेहरू की अहमियत बढ़ गई है। उन्हें सीएम का सबसे पसंदीदा विभाग फ्यूचर विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें हायर एजुकेशन और युवा सशक्तीकरण एवं एंटरप्रोन्योर विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
ओएसडी के पास पुरानी जिम्मेदारी
ओएसडी के कामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। विवेक कालिया सीएम विंडो व जनसंवाद, ओएसडी सुधांशु गौतम के पास टाइप पांच मकानों के आवंटन को छोड़ बाकी सभी सरकारी मकानों के आवंटन का कामकाज, सीएम घोषणाएं, सीएम रिलीफ फंड, एचआरडीएफ एवं अन्य स्वीकृतियां, आनलाइन तबादले व वक्फ बोर्ड से संबंधित कामकाज सौंपे गए हैं। ओएसडी राकेश संधु को सीएम विंडो (द्वितीय) तथा ग्रीवेंसिज निवारण का काम सौंपा गया है।