हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने पुलिस कांस्टेबल के 5500 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी। 4500 पुरुष व 600 महिला कांस्टेबलों के अलावा 400 पद हरियाणा रेलवे पुलिस के हैं। 11 जनवरी से आवेदन शुरू होंगे और 25 जनवरी की रात 11.59 बजे तक किए जा सकेंगे। आवेदन के लिए कोई शुल्क नहीं है।
हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों को जानकारी दी है कि बीसी -ए, बीसी-बी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्र 1 अप्रैल 2025 से 25 जनवरी 2026 के बीच जारी होने चाहिए। अनुसूचित जाति में डीएससी और ओएससी श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए सहायक प्रमाण-पत्र 13 नवंबर 2024 के बाद और अंतिम तिथि तक जारी होना चाहिए।
लंबाई- पुरुषों के लिए 170 सेमी, आरक्षित श्रेणी के लिए लंबाई 168 सेमी।
सामान्य श्रेणी की महिला के लिए 158 सेमी और आरक्षित श्रेणी के लिए 156 सेंमी।
छाती का फुलाव - न्यूनतम 4 सेंटीमीटर होना चाहिए।
दौड़- पुरुषों को ढाई किमी की दाैड़ 12 मिनट में, महिलाओं को 1 किमी की दाैड़ 6 मिनट, पूर्व सैनिकों को 1 किमी की दाैड़ 5 मिनट में पूरी करनी होगी।
शारीरिक मापन परीक्षा और शारीरिक स्क्रीनिंग परीक्षा में उत्तीर्ण होने वालों को ज्ञान परीक्षा के लिए चुना जाएगा। सामान्य श्रेणी के लिए ज्ञान परीक्षा में न्यूनतम 50 आरक्षित के लिए 40 प्रतिशत अंक लेना जरूरी होगा। हिम्मत सिंह के मुताबिक आवेदन के बाद करेक्शन पोर्टल नहीं खोला जाएगा, इसलिए अभ्यर्थी स्वयं आवेदन करें।
हरियाणा लोक सेवा आयोग ने प्रदेश के 8 विभागों में ए और बी श्रेणी के पदों पर भर्तियों की प्रक्रिया शुरु कर दी है। 10 जनवरी से आवेदन होंगे। कुल 282 पदों पर होने वाली भर्ती के लिए 19 फरवरी तक आवेदन होंगे।